Monday, September 28, 2026
Homeदेशदान सिर्फ रुपयों का आँकड़ा नहीं, बिना एक पैसा खर्च किए भी...

दान सिर्फ रुपयों का आँकड़ा नहीं, बिना एक पैसा खर्च किए भी संवर सकती हैं जिंदगियां

क्या किसी संस्था को करोड़ों रुपये दान देकर दानी का तमगा पा लेना ही सच्चा परोपकार है? जानिए क्यों धन के आंकड़ों से ज्यादा महत्वपूर्ण है किसी की जिंदगी का संवरना।

​नीता अंबानी से लेकर गाँव के शिक्षक तक: जानिए क्या है सच्चे दान और परोपकार का अर्थ

योगेश सोनी संपादक

हाल ही में रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन नीता मुकेश अंबानी का एक लेख चर्चा में रहा, जिसमें उन्होंने लिखा— “परोपकार का पैमाना यह नहीं होना चाहिए कि कितनी दौलत बांटी गई, बल्कि यह होना चाहिए कि कितने जीवन संवारे गए।” यह विचार सीधे दिल को छूता है और आज के दौर में परोपकार की परिभाषा पर पुनर्विचार करने को मजबूर करता है।

​आमतौर पर जब कोई बड़ी कंपनी या धनवान व्यक्ति लाखों-करोड़ों रुपये दान में देता है, तो आंकड़ों को देखकर लोग उन्हें महादानी समझ बैठते हैं। किसी संस्था को मोटी रकम देकर ‘दानी’ का तमगा हासिल कर लेना और दानवीर कर्ण जैसी उपमाएं पा लेना बेहद आसान है। परंतु वास्तविक प्रश्न यह है कि उस दान से वास्तव में कितने लोगों का जीवन संवरा? कई बार टैक्स बचाने के उद्देश्य से भी दिखावे किए जाते हैं, यद्यपि इसमें कुछ सकारात्मक अपवाद भी हैं—जैसे बिड़ला परिवार का समाजसेवा में योगदान सर्वविदित है।

​अमीर ही नहीं, साधारण व्यक्ति भी बदल सकता है दुनिया

परोपकार और दान केवल अमीरों का एकाधिकार नहीं है। एक साधारण या आर्थिक रूप से कमजोर व्यक्ति भी अपने स्तर पर किसी का जीवन संवार सकता है। बचपन में अगली कक्षा की पुरानी किताबें आधे दाम पर खरीदकर, परीक्षा पास करने के बाद किसी जरूरतमंद बच्चे को मुफ्त दे देना भी दान का ही एक रूप है, जिससे किसी परिवार पर किताबों का आर्थिक बोझ हल्का होता है।

​जमीनी स्तर पर बदलाव की मिसालें

  • ​सामाजिक जिम्मेदारी: हम अपने आसपास देखे तो कई नजीर मिल जाएंगे,जिन्होंने अनेक जिंदगी संवार दी हे। जैसे मध्य प्रदेश के विधायक गोपाल भार्गव द्वारा अनगिनत आर्थिक रूप से विपन्न परिवारों की बेटियों का विवाह पूरे सम्मान के साथ कराना, उनके जीवन को एक नई दिशा देने का बेहतरीन उदाहरण है। इतना ही नहीं हजारों लोगों के इलाज के साथ,सैकड़ों छोटे बच्चे जिनके हृदय में छेद था,उनको भी बड़े अस्पतालों में आपरेशन कराकर नई जिंदगी दी हे।
  • ​विद्या दान और मार्गदर्शन: रहली के सांदीपनि स्कूल के खेल शिक्षक सलामत खान सेना और पुलिस भर्ती की तैयारी करने वाले युवाओं को नि:शुल्क प्रशिक्षण देते हैं। उनके इस मार्गदर्शन से दर्जनों युवाओं को सरकारी नौकरियां मिलीं और उनके पूरे परिवार का जीवन स्तर संवर गया।

​सबसे बड़ा दान: ज्ञान और समय

इन सब उदाहरणों का सार यही है कि दान सिर्फ रुपयों का नहीं होता; धन तो केवल एक संख्या या आंकड़ा भर है। हमारी संस्कृति में सबसे बड़ा दान ‘विद्या दान’ और ‘ज्ञान दान’ माना गया है। यदि आपके पास हुनर, मार्गदर्शन या सही जानकारी है, तो आप बिना एक रुपया खर्च किए भी कई जिंदगियां संवार सकते हैं।

​निष्कर्ष

यदि आप समाज में बदलाव लाना चाहते हैं, तो किसी बड़े बजट का इंतजार न करें। जहां जैसी आवश्यकता हो, अपनी क्षमता अनुसार हाथ बढ़ाएं। प्रकृति का नियम है कि आप दूसरों के लिए जो कर्म बोते हैं, वही कई गुना होकर आपके पास वापस लौटता है।

Yogesh Soni Editor
Yogesh Soni Editorhttp://khabaronkiduniya.com
पत्रकारिता मेरे जीवन का एक मिशन है,जो बतौर ए शौक शुरू हुआ लेकिन अब मेरा धर्म और कर्म बन गया है।जनहित की हर बात जिम्मेदारों तक पहुंचाना,दुनिया भर की वह खबरों के अनछुए पहलू आप तक पहुंचाना मूल उद्देश्य है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular