रहली नगर के भीतर ही बनाया जाए ‘महाराणा प्रताप भवन’: राहुल सिंह
रहली। वीर सपूत और अमर बलिदानी महाराणा प्रताप की जयंती क्षत्रिय समाज के द्वारा पूरे नगर में धूमधाम और अत्यंत हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में एकत्रित हुए समाजजनों ने सागर रोड स्थित महाराणा प्रताप परिसर में शौर्य के प्रतीक महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
नगर के भीतर सर्वसुविधायुक्त जगह आवंटन की मांग
कार्यक्रम के दौरान क्षत्रिय समाज के जिला महामंत्री राहुल सिंह ने अपने उद्बोधन में समाज के भवन निर्माण की मांग को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि:
”पिछली बैठक में महाराणा प्रताप भवन के लिए आईटीआई के पास जगह आवंटन करने की बात कही गई थी, लेकिन वह स्थान नगर से काफी दूर है। हमारी पुरजोर मांग है कि महाराणा प्रताप भवन के लिए सागर रोड स्थित महाराणा प्रताप की प्रतिमा के पास ही जगह का आवंटन किया जाना चाहिए।”
राहुल सिंह ने आगे कहा कि रहली में ऐसी कई शासकीय जगहें खाली पड़ी हैं, जिनमें से एक उपयुक्त स्थान क्षत्रिय समाज को दिया जा सकता है। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि यदि क्षेत्र के विधायक जी चाहें तो समाज को नगर के भीतर ही सर्वसुविधायुक्त जगह प्राप्त हो सकती है। इसके साथ ही उन्होंने पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष सुशील हजारी का आभार जताते हुए कहा कि उनके विशेष प्रयासों से ही समाज को नगर के हृदय स्थल पर महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा लगाने के लिए यह गौरवमयी स्थान मिला था, जिसके लिए पूरी समाज हमेशा उनकी आभारी रहेगी।

महापुरुषों का जीवन और एकजुटता ही समाज की शक्ति
समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व अध्यक्ष सौदान सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप ने देश के स्वाभिमान और संस्कृति की रक्षा के लिए कभी भी विषम परिस्थितियों से समझौता नहीं किया, उनका जीवन हर पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी है। वहीं अभिजीत सिंह गोल्डी ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि आज के आधुनिक समय में समाज की तरक्की और अधिकारों की रक्षा के लिए आपसी एकजुटता बेहद जरूरी है।

कार्यक्रम स्थल पर मनाया जन्मदिन
महाराणा प्रताप जयंती पर ही राहुल सिंह का जन्मदिन होने के चलते कार्यक्रम स्थल पर ही राहुल सिंह चौरहा का जन्मदिन समाज के सभी लोगों की उपस्थिति में मनाया गया।उपस्थित वरिष्ठ जनों ने आशीर्वाद प्रदान किया।और युवाओं ने शुभकामनाएं दी।

कार्यक्रम में यह रहे उपस्थित
इस गौरवमयी जयंती महोत्सव के अवसर पर जगदीश सिंह पाटई, श्रीराम सिंह, पप्पू गौर, मिंटू चोरहा, सौरभ उदयपुरा, रविराज सिंह, रूपेश सिंह, सीताराम बड़गान, इंद्रेश सिंह, सुरेंद्र लंबरदार, रूपेश रमखिरिया, भूपेंद्र रतनारी, विकास अचलपुर, युवराज लंबरदार, ब्रजेश सिंह, शुभम बड़गांन, दीपक ठाकुर, छोटू ठाकुर, दिनेश सिंह इमलिया, और शिवेंद्र सिंह पाटई सहित बड़ी संख्या में क्षत्रिय समाज के वरिष्ठ जन, प्रबुद्ध नागरिक और ऊर्जावान युवा उपस्थित रहे।
