Sunday, August 16, 2026
Homeदेशसागर में 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह का भव्य आयोजन, मंत्री श्री गोविंद...

सागर में 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह का भव्य आयोजन, मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत ने किया ध्वजारोहण

सागर में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह अत्यंत धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया, जहाँ मुख्य अतिथि खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। ध्वजारोहण के पश्चात् मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रदेशवासियों के नाम संदेश का सजीव प्रसारण किया गया। अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत की ऐतिहासिक उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य सरकार ‘एक देश-एक विधान-एक प्रधान-एक निशान’ की मूल भावना के अनुरूप मध्य प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू कर रही है, साथ ही सुशासन और जन-विश्वास को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान की शुरुआत की गई है।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी और कहा कि आजादी के 80वें वर्ष में प्रवेश कर रहा भारत जल्द ही अपनी 100वीं वर्षगांठ तक एक पूर्ण विकसित राष्ट्र बनकर उभरेगा। उन्होंने सागर की ऐतिहासिक माटी को नमन करते हुए गोंड राजा संग्रामशाह, बुंदेला शासकों, मराठों और 1842 के बुंदेला विद्रोह से लेकर 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन तक सागर के वीरों के अतुलनीय योगदान को याद किया। मंत्री श्री राजपूत ने सभी से जिले के सर्वांगीण विकास में अपना यथासंभव योगदान देने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

समारोह में देशभक्ति का उत्साह चरम पर रहा, जहाँ परेड कमांडर श्री रक्षित निरीक्षक, श्री आशीष कुमार तिवारी के नेतृत्व में सशस्त्र बल, पुलिस प्रशिक्षण शाला, एनसीसी बालक-बालिका कैडेट्स और शौर्य दल की टुकड़ियों ने आकर्षक मार्च पास्ट किया। इसके साथ ही लिटिल स्टार शैलेष मेमोरियल विद्यालय, सांदीपनि शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा।

कार्यक्रम में मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं लोकतंत्र सेनानियों को शाल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही, ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में जूडो में रजत पदक जीतकर शहर का नाम रोशन करने वाली सागर की खिलाड़ी यामिनी मौर्य, देहदान करने वाले दानदाताओं के परिजनों, उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों तथा सांस्कृतिक एवं परेड प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

परेड एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के विजेता

80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित परेड एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विभिन्न इकाइयों ने शानदार प्रदर्शन किया। विजेता दल में सशस्त्र परेड श्रेणी में जेएनपीए सागर, 10वीं वाहिनी वि.स. बल सागर तथा पुलिस प्रशिक्षण शाला मकरोनिया। निशस्त्र परेड श्रेणी में 11 एमपी एनसीसी बालक, 7 एमपी एनसीसी बालिका एवं शौर्य दल सागर एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम श्रेणी में लिटिल स्टार शैलेष मेमोरियल विद्यालय सागर, सांदीपनि शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तथा शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शामिल रहे।

जिले की विकास गाथा पुस्तिका का किया गया वितरण

समारोह में जनसंपर्क संचालनालय द्वारा प्रकाशित “बदलते दौर का मध्यप्रदेश – जिले की विकास गाथा” पुस्तिका का वितरण उपस्थित जनप्रतिनिधियों, गणमान्य अतिथियों और आम नागरिकों को किया गया। यह पुस्तिका जिले के विकास कार्यों, योजनाओं एवं उपलब्धियों को विस्तार से प्रस्तुत करती है।

इस गरिमामयी अवसर पर सांसद श्रीमती लता वानखेड़े, विधायक श्री शैलेंद्र जैन, पूर्व विधायक श्रीमती सुधा जैन, महापौर श्रीमती संगीता तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री हीरा सिंह राजपूत, जिला अध्यक्ष श्री श्याम तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष श्री वृंदावन अहिरवार, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सविता सिंह राजपूत, कमिश्नर श्री अनिल सुचारी, कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल डीआईजी श्री शशिंद्र चौहान, एसपी श्री अनुराग सुजानिया, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विवेक केवी, डीएफओ श्री वरुण यादव,नगर निगम आयुक्त श्री राजकुमार खत्री, अपर कलेक्टर श्री अविनाश रावत एसडीएम श्री रोहित वर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट श्री शैलेष द्विवेदी, डिप्टी कलेक्टर श्री संजय जैन, सुश्री मोना दांगी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, छात्र-छात्राएं और विशाल जनसमुदाय उपस्थित रहा।

Yogesh Soni Editor
Yogesh Soni Editorhttp://khabaronkiduniya.com
पत्रकारिता मेरे जीवन का एक मिशन है,जो बतौर ए शौक शुरू हुआ लेकिन अब मेरा धर्म और कर्म बन गया है।जनहित की हर बात जिम्मेदारों तक पहुंचाना,दुनिया भर की वह खबरों के अनछुए पहलू आप तक पहुंचाना मूल उद्देश्य है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular