#अत्यधिक दुग्ध उत्पादन करने वाली देसी गाय के पशुपालक को मिलेगा 1 लाख रुपये का प्रथम पुरस्कार
रहली।विकासखंड रहली के नवचयनित वृंदावन ग्राम ताल सेमरा में आगामी 27 से 31 अक्टूबर तक ‘गोपाल कृष्ण पुरस्कार योजना’ के तहत दुग्ध प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देना और देसी नस्ल की गायों के संरक्षण व संवर्धन के प्रति पशुपालकों को जागरूक करना है।
आकर्षक पुरस्कार राशि
योजना की जानकारी देते हुए डॉ. नीरज ठाकुर ने बताया कि प्रतियोगिता में सर्वाधिक दुग्ध उत्पादन करने वाली देसी गायों के पशुपालकों को राज्य शासन द्वारा आकर्षक पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया जाएगा:
प्रथम पुरस्कार: ₹1,000,00 (1 लाख रुपये)
द्वितीय पुरस्कार: ₹50,000 (50 हजार रुपये)
तृतीय पुरस्कार: ₹25,000 (25 हजार रुपये)
डॉ. नीरज ठाकुर ने बताया कि शासन द्वारा संचालित इस योजना के प्रमुख उद्देश्य प्रदेश में दूध के उत्पादन को तेजी से बढ़ाना,अधिक दूध देने वाली गायों के पालकों को आर्थिक व सामाजिक रूप से प्रोत्साहित करना एवं
श्रेष्ठ एवं उच्च दुग्ध क्षमता वाली गायों की पहचान करना।इस योजना से पशुपालकों के बीच वैज्ञानिक तरीके से पशुपालन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होगी
और गिर, साहीवाल, थारपारकर एवं अन्य अधिसूचित उन्नत स्वदेशी (देसी) नस्लों के पालन-पोषण और नस्ल सुधार को बढ़ावा मिलेगा
आगामी वर्षों में क्रियान्वयन की जानकारी देते हुए बताया गया कि
प्रथम वर्ष: प्रदेश के 208 ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों में चयनित 208 ‘वृंदावन ग्रामों’ में इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।
द्वितीय वर्ष (2026-27 से 2030-31 तक): योजना का विस्तार करते हुए प्रदेश के सभी 313 विकासखंडों में ब्लॉक स्तर पर इस प्रतियोगिता का आयोजन निरंतर किया जाएगा।
कौन ले सकता है भाग?
इस प्रतियोगिता में चयनित वृंदावन ग्राम एवं संबंधित विकासखंड के समस्त गांवों के पशुपालक अपनी उन्नत देसी नस्ल की गायों के साथ भाग ले सकते हैं। आयोजकों ने क्षेत्र के समस्त पशुपालकों से इस प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और योजना का लाभ उठाने की अपील की है।
