सांसद, विधायक, सहित आबकारी आयुक्त , कलेक्टर, एसपी ने बण्डा सिविल अस्पताल पहुंचकर मरीजों का जाना हालचाल
सागर। बण्डा क्षेत्र में संदिग्ध एवं अवैध जहरीली शराब के सेवन से कई नागरिकों की तबीयत बिगड़ने का गंभीर मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन तुरंत हरकत में आया और प्रभावितों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के लिए युद्ध स्तर पर तैयारियां शुरू कर दीं
मामले की गंभीरता को देखते हुए रविवार को दमोह सांसद राहुल सिंह लोधी, बण्डा विधायक वीरेंद्र सिंह, आबकारी आयुक्त दीपक सक्सेना, कलेक्टर प्रतिभा पाल और एसपी अनुराग सुजानिया ने बण्डा सिविल अस्पताल पहुंचकर भर्ती मरीजों का हाल-चाल जाना।
अस्पताल निरीक्षण एवं प्रमुख निर्देश:
मरीजों से सीधी चर्चा: जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने अस्पताल के वार्डों का दौरा कर मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत की तथा इलाज की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण इलाज: सांसद राहुल सिंह लोधी ने डॉक्टरों को सख्त निर्देश दिए कि सभी मरीजों को विशेषज्ञों की देखरेख में गुणवत्तापूर्ण और निःशुल्क इलाज दिया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और आबकारी विभाग का एक्शन:
दुकानें सील व सैंपलिंग: आबकारी आयुक्त दीपक सक्सेना और कलेक्टर प्रतिभा पाल ने बताया कि एहतियात के तौर पर प्रभावित क्षेत्रों की शराब दुकानों को सील कर दिया गया है और सैंपल जांच के लिए भेजे जा रहे हैं।
सख्त कानूनी कार्रवाई: प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस घटना में शामिल दोषियों और अवैध शराब माफियाओं के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ जगदीश गोमे, अपर कलेक्टर अविनाश रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष रानी कुशवाहा सहित प्रशासनिक व आबकारी विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
