सागर जिले के रहली में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के स्थापना दिवस के अवसर पर आज रहली ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बस स्टैंड स्थित कांग्रेस कार्यालय के समक्ष ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एकत्रित होकर पार्टी का स्थापना दिवस जोश और उत्साह के साथ मनाया।
शान से फहराया तिरंगा
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि और वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं द्वारा ध्वजारोहण के साथ की गई। जैसे ही कांग्रेस का ध्वज फहराया गया, पूरा परिसर ‘वंदे मातरम’ और ‘कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद’ के नारों से गूंज उठा। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर स्थापना दिवस की बधाई दी।

नेताओं के गूंजे नारे
ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित कार्यकर्ताओं ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और महापुरुषों के सम्मान में जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने “महात्मा गांधी अमर रहें”, “राहुल गांधी संघर्ष करो, हम तुम्हारे साथ हैं” और प्रदेश नेतृत्व के समर्थन में नारे लगाकर अपनी एकजुटता का प्रदर्शन किया।
विचारों पर चलने का संकल्प
इस दौरान वक्ताओं ने कांग्रेस के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कांग्रेस केवल एक दल नहीं, बल्कि एक विचारधारा है जिसने देश की आजादी से लेकर नवनिर्माण तक में अहम भूमिका निभाई है। उपस्थित नेताओं ने संकल्प लिया कि वे जनहित के मुद्दों को पूरी मजबूती से उठाएंगे और संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाएंगे।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संजय पटेरिया, नगर कांग्रेस के अध्यक्ष दीपक तिवारी ,पदाधिकारी, सेवादल, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई के कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय कांग्रेस जन उपस्थित रहे।
