बंडा/दिनेश सोनी
बंडा के सेमरा रामचंद्र में कथित जहरीली शराब ने दो जिंदगियां लील ली हैं, जिससे एक बार फिर अवैध शराब के धंधे और सिस्टम की मुस्तैदी पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। पिछली घटनाओं और चेतावनियों के बावजूद क्षेत्र में जहरीली शराब के कारोबार पर लगाम न लग पाना प्रशासनिक निगरानी की पोल खोलता नजर आ रहा है।
जहरीली शराब या सिस्टम की लापरवाही? सेमरा रामचंद्र में दो मौतों से सनसनी
बंडा (मध्य प्रदेश)। बंडा विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सेमरा रामचंद्र में कथित जहरीली शराब पीने से दो लोगों की मौत के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया है। मृतकों की पहचान सेमरा रामचंद्र निवासी कमलेश लोधी और चंद्रभान लोधी के रूप में हुई है।
सवाल यह है कि क्षेत्र में अवैध शराब को लेकर पहले भी ऐसी घटनाएं और चर्चाएं सामने आ चुकी हैं, इसके बावजूद जहरीले पेय की सप्लाई पर प्रभावी अंकुश क्यों नहीं लग पा रहा? हर बार घटना के बाद जांच और कार्रवाई की औपचारिकताएं तो दिखती हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर अवैध कारोबारियों के हौसले बुलंद ही नजर आते हैं।
सुबह शुरू हुआ दौर और रात में बिगड़ी हालत
मृतक चंद्रभान लोधी के भाई भूपेंद्र लोधी के मुताबिक, चंद्रभान सुबह से ही शराब पी रहा था। दोपहर और शाम को उसे उल्टियां शुरू हुईं और रात में उसने खाना भी नहीं खाया। रात करीब तीन बजे मां ने जगाकर बताया कि चंद्रभान की हालत काफी बिगड़ गई है। पूछने पर उसने हाथ-पैर और सिर में तेज दर्द की शिकायत की। पहले तो उसने शराब पीने से इनकार किया, लेकिन दोबारा पूछने पर स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे दो-तीन बार और उल्टियां हुईं और घर पर ही उसकी मौत हो गई।
उधर, कमलेश लोधी की भी तबीयत बिगड़ने पर उसे बंडा अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में सागर रेफर किया गया। सागर में उपचार के दौरान कमलेश ने भी दम तोड़ दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज, पर सवाल बरकरार
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू की। चंद्रभान लोधी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, जबकि कमलेश लोधी का पोस्टमार्टम सागर में कराया जा रहा है। फिलहाल दोनों मौतों के पीछे जहरीली शराब की आशंका जताई जा रही है, लेकिन मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
फिलहाल इस दोहरी मौत ने ग्रामीणों को झकझोर कर रख दिया है और क्षेत्र में यह चर्चा तेज है कि आखिर कब तक ‘मौत के जाम’ पर सख्त रोक लगेगी और कब जिम्मेदार महकमा नींद से जागेगा।
