
वृंदावन। कड़ाके की ठंड और घने कोहरे की चादर भी भक्तों के कदमों को नहीं रोक सकी। रविवार को ठाकुर बांकेबिहारी के दर्शन की चाह में देश के कोने-कोने से हजारों श्रद्धालु कान्हा की नगरी पहुंचे। भोर की पहली किरण के साथ ही मंदिर की ओर जाने वाले रास्तों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा, जिससे व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन के पसीने छूट गए।
बैरियर पर बढ़ी मुश्किल, दुकानदारों ने पेश की मानवता की मिसाल
भीड़ के अत्यधिक दबाव को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से जगह-जगह बैरियर लगाकर श्रद्धालुओं को रोकना शुरू किया। घंटों तक कतार में खड़े रहने के कारण महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की हालत बिगड़ने लगी। ऐसे में स्थानीय दुकानदारों ने संवेदनशीलता दिखाते हुए बुजुर्गों को अपनी दुकानों पर बैठाकर विश्राम कराया और स्थिति सामान्य होने पर उन्हें आगे बढ़ने में मदद भी की।
