रहली। नए शिक्षा सत्र के पहले दिन जहाँ छात्र-छात्राओं का उत्साह चरम पर था, वहीं रहली के कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित ‘प्रवेश उत्सव’ बेटियों के लिए खुशियों की सौगात लेकर आया। इस विशेष अवसर पर क्षेत्रीय विधायक और पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जहाँ उन्होंने छात्राओं को साइकिलों का वितरण किया।
पुष्प वर्षा से हुआ नए छात्रों का स्वागत।

एक अप्रैल से शुरू हुए नए शिक्षण सत्र के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन और वंदना से हुई। स्कूल पहुंचे नए छात्रों का विधायक गोपाल भार्गव और नगर पालिका अध्यक्ष देवराज सोनी ने पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया। तिलक लगाकर और फूल बरसाकर छात्रों का अभिनंदन करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।

बेटियों की शिक्षा हमारी प्राथमिकता: गोपाल भार्गव
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक गोपाल भार्गव ने कहा कि बेटियों को शिक्षित और आत्मनिर्भर बनाना समाज और शासन की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा, “शासन द्वारा छात्राओं के लिए साइकिल वितरण जैसी अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं ताकि दूरी या संसाधनों की कमी उनकी पढ़ाई में बाधा न बने।” उन्होंने छात्राओं को मन लगाकर पढ़ने और क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

नगर पालिका अध्यक्ष देवराज सोनी ने भी छात्राओं को संबोधित करते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
प्रवेश उत्सव के दौरान स्कूल की छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम और स्वागत गीत प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के दौरान बीओ स्वाति दुबे, प्राचार्य विजय पचौरी, शिव शंकर रैकवार, डॉक्टर संजय दुबे सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
