रहली (सागर) | ग्राम छिरारी स्थित गौशाला में लंबे समय से मिल रही अव्यवस्थाओं की शिकायतों के बाद प्रशासन ने कड़ा कदम उठाया है। निरीक्षण के दौरान पाई गई भारी अनियमितताओं के कारण गौशाला का संचालन कर रहे ‘जय माता स्व-सहायता समूह’ को हटाने का प्रस्ताव जिला पंचायत सागर को प्रेषित किया गया है।
खंड स्तरीय समिति ने लिया निर्णय
गुरुवार को रहली जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि सुरेश कपस्या और एडीएम द्वारा छिरारी गौशाला का औचक निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान मिली खामियों को गंभीरता से लेते हुए खंड स्तरीय समिति की बैठक बुलाई गई। समिति ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि वर्तमान संचालक समूह का संचालन निरस्त किया जाए।
निरीक्षण में खुली पोल, नहीं मिले दस्ताव
अनुविभागीय अधिकारी (SDM) रहली द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, पशु चिकित्सा विभाग और प्रशासनिक टीम द्वारा गौशाला का विस्तृत निरीक्षण किया गया था। इस जांच में न केवल गौशाला के रखरखाव में अव्यवस्थाएं पाई गईं, बल्कि मौके पर कोई भी जरूरी अभिलेख (रिकॉर्ड) उपलब्ध नहीं था। चारे-पानी और मवेशियों की देखभाल में लापरवाही स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
