भोपाल। लोक शिक्षण संस्थान (DPI), भोपाल ने प्रदेश के शासकीय और अशासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को बड़ी राहत देते हुए एक महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। इस आदेश के तहत, स्कूल प्रबंधन अब ठंड के मौसम में गणवेश (यूनिफॉर्म) संबंधी प्रोटोकॉल में छूट देगा और विद्यार्थियों को अलग रंग या डिज़ाइन के गर्म कपड़े (स्वेटर) पहनने पर स्कूल में प्रवेश करने से नहीं रोक पाएगा।
सर्दी के कपड़ों पर अब कोई प्रतिबंध नहीं
आदेश का मुख्य विषय ‘प्रदेश के शासकीय/अशासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों के गणवेश प्रोटोकॉल को सर्दी के मौसम में प्रतिबंधित न करने’ के संबंध में है।
लोक शिक्षण संस्थान ने संज्ञान लिया है कि कई विद्यालयों में यह देखा गया है कि विद्यार्थी जब निर्धारित यूनिफॉर्म के अलावा अलग-अलग रंग अथवा डिज़ाइन के स्वेटर या गरम कपड़े पहनकर आते हैं, तो उन्हें कक्षा में उपस्थित होने से वंचित कर दिया जाता है।
नए आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि:कतिपय प्रकरणों में यह देखने में आया है कि विद्यालयों में विद्यार्थियों द्वारा निर्धारित यूनीफार्म अथवा सर्दी के मौसम में अलग-अलग रंग अथवा डिजाईन के स्वेटर / गरम कपड़े पहनने के कारण विद्यार्थियों को कक्षा में आने से वंचित कर दिया जाता है।
यदि विद्यार्थी सर्दी के मौसम में किसी दिन गणवेश से अलग रंग/डिजाईन के कपड़े/स्वेटर पहनकर विद्यालय में आते हैं तो उन्हें कक्षा में उपस्थित होने से न रोका जाए।
यह भी देखने में आया है कि सर्दी के मौसम में विद्यार्थियों को उनके जूते चप्पल कक्षा के बाहर उतारने हेतु बाध्य किया जाता है, जिससे विद्यार्थी का स्वास्थ खराब होने की संभावना होती है। अतः विद्यार्थियों को कक्षा के बाहर जूते चप्पल उतारने हेतु बाध्य न किया जाए।उक्त निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए।
