मप्र के सागर जिले की रहली मानवता और जनसेवा की मिसाल पेश करते हुए रहली नगरपालिका अध्यक्ष देवराज सोनी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि जनप्रतिनिधि का दायित्व केवल कुर्सी तक सीमित नहीं होता। बीती रात जब समूचा क्षेत्र कड़ाके की ठंड और कोहरे की चादर ओढ़े सो रहा था, तब देवराज सोनी ग्राम बड़गान में लगी आग को बुझाने के लिए घंटों पानी में भीगते हुए संघर्ष करते नजर आए।

आधी रात को जब मिली खबर
घटना रात करीब 2 बजे की है, जब ग्राम बड़गान के एक रिहायशी मकान में भीषण आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। कड़ाके की ठंड के बीच खबर मिलते ही नपा अध्यक्ष देवराज सोनी ने बिना एक पल की देरी किए खुद मोर्चा संभाला। वे तुरंत नगरपालिका की फायर ब्रिगेड टीम को लेकर मौके पर पहुंचे।

पानी की बौछारों के बीच घंटों किया संघर्ष
हैरत की बात यह थी कि जहाँ पारा गिरने के कारण आम लोग रजाई से बाहर निकलने में भी कतरा रहे थे, वहीं नपा अध्यक्ष न केवल मौके पर मौजूद रहे, बल्कि फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आग बुझाने में जुट गए। भीषण ठंड और ऊपर से पानी की बौछारों के बीच भीगते हुए उन्होंने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। उनकी सक्रियता से एक बड़ा हादसा टल गया और पीड़ित परिवार को बड़ी क्षति से बचा लिया गया।

सोशल मीडिया और क्षेत्र में हो रही जमकर सराहना
रात के सन्नाटे और हाड़ कपा देने वाली ठंड में देवराज सोनी के इस सेवाभाव को देखकर ग्रामीण दंग रह गए। सुबह होते ही इस साहसी कार्य की चर्चा पूरे क्षेत्र में फैल गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि:
“जब नेतृत्व खुद सामने खड़ा हो, तो अमले का मनोबल भी बढ़ जाता है। देवराज सोनी ने जो तत्परता दिखाई, वह आज के समय में विरली ही देखने को मिलती है।”
