विरासत से विकास की उड़ान शुरू होगी – उपमुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल
मंदिर का किया अवलोकन ली जानकारी
बीना/ ऐरण विश्व पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होगा जिससे कि युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे एवं क्षेत्र समृद्ध बनेगा, विरासत से विकास की उड़ान भी शुरू होगी। उक्त विचार उपमुख्यमंत्री एवं सागर जिले के प्रभारी मंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने सागर जिले के बीना में तीन दिवसीय ऐरण महोत्सव के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में व्यक्त किये। इस अवसर पर विधायक श्रीमती निर्मला सप्रे, नगर निगम अध्यक्ष श्री वृंदावन अहिरवार, श्री श्याम तिवारी, श्री गौरव सिरोठिया, श्री अरुणोदय चौबे, अपर कलेक्टर श्री अविनाश रावत, एसडीएम श्री विजय डेहरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री संजीव उईके सहित अन्य जन प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में जन समुदाय मौजूद था।
उप मुख्यमंत्री एवं सागर जिले के प्रभारी मंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने ऐरण महोत्सव में बोलते हुए कहा कि मध्य प्रदेश की सरकार मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में लगातार ऐतिहासिक स्थलों पर महोत्सव आयोजित कर उनकी गरिमा एवं पर्यटन को बढ़ाने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि निकट भविष्य में यह ऐरण विश्व पर्यटक स्थल के रूप में स्थापित होगा और यहां बड़ी संख्या में सैलानी एवं पर्यटक आएंगे उन्होंने कहा कि यहां बीना नदी के कारण यह स्थल और भी मनोरम है। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक विष्णु भगवान की मूर्ति देखकर लगता है कि सैकड़ों हजारों वर्ष पूर्व भी यहां के कलाकार कितने कुशल एवं दक्ष होंगे, जिन्होंने इतनी अच्छी नक्काशी के माध्यम से उनको मूर्ति रूप दिया। उन्होंने कहा कि इतिहास परंपरा को आधुनिकता से जोड़ने का कार्य ऐरण महोत्सव करेगा।
